Tuesday, November 19, 2013

व्यापर मेले में झारखण्ड टूरिज्म स्टाल पर लोगो की भीड़ दिखी

नई दिल्ली (आधुनिक इंडिया ब्यूरो ) प्रगति मैदान में चल रहे भारतीय अंतराष्ट्रीय व्यापार मेले मेंसामान्य प्रवेश के पहले दिन खासी भीड़ दिखी। लोगों को देश के अलग अलग भाग के बारे में जानने का मौका मिला। जिसमे सबसे ज्यादा भीड़ झारखण्ड पवेलियन के टूरिज्म स्टाल पर देखने को मिली। लोगो ने यहाँ देश का पहले टूर पैकज मीनिंग टूरिज्म और इंडस्ट्रियल टूरिज्म के साथ साथ "सिटी ऑफ़ फाल्स" रांची के जल प्रपातों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। झारखण्ड प्रदेश अपने जल प्रपात, ग्रीन हिल्स, खूबसूरत जंगल, वाइल्ड लाइफ और धार्मिक स्थलों के लिए जाना जाता रहा है। 
झारखण्ड स्टाल के सुदीप कुमार झारखण्ड में टूरिज्म पर जानकारी देते हुए बताया कि झारखण्ड की राजधानी रांची को "सिटी ऑफ़ फॉल्स" के नाम से भी जाना जाता है। जहाँ पर 4 बड़े और 5  छोटे आकार के जल प्रपात है। जिसमे हुंडरू जल प्रपात की अधिकतम उचाई 98 मीटर तक और दसम जल प्रपात में 10 अलग अलग धाराएँ मिल कर उसे और भी ज्यादा खूबसूरत बनाती हैं। झारखण्ड प्रदेश अपनी धार्मिक स्थलों जैसे पार्श्वनाथ मंदिर, भद्राकाली मंदिर और देवघर के लिए भी पसंद किया जाता है। 


उन्होंने बताया की झारखण्ड सरकार ने प्रदेश में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए माईनिंग टूरिज्म और इंडस्ट्रियल टूरिज्म की शुरुआत की है। जिसमे माईनिंग टूरिज्म के अंतर्गत धनबाद जिले में झरिया की खाने और इंडट्रियल टूरिज्म में टाटा स्टील तथा बोकारो जैसी बड़ी कम्पनियों का भ्रमण कराया जाता है। इसके साथ ही देवगढ़ को अधिक आकर्षक बनाने के लिए त्रिकुट पहाड़ पर रोप वे और ग्लाइडिंग की व्यवस्था की गई है। झारखण्ड प्रदेश टूरिस्टों की सुविधा के लिए टूरिज्म पॅकेज भी उपलब्ध करा रही है जो कि पी० पी० पी० मोड पर देश की जानी मानी टूर ऑपरेटर के साथ मिल कर बनाई जा रही हैं। 

प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला बैंक का उद्घाटन किया

मुम्बई (आधुनिक इंडिया ब्यूरो) प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को देश के प्रथम महिला बैंक 'भारतीय महिला बैंक' का उद्घाटन किया।बैंक का उद्घाटन मुंबई के नरीमन पॉइंट पर एयर इंडिया के भवन में हुआ। 1,000 करोड़ रुपए के कोष के साथ शुरू किया गया बैंक पूर्णतया महिलाओं द्वारा और महिलाओं के लिये संचालित बैंक है और यह महिला सशक्तीकरण के साथ सभी प्रकार की सेवाएं प्रदान करेगा। दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 96वीं जयंती के मौके पर आज इसकी सात शाखाएं शुरू की गयीं। 

यहां उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री के अलावा संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, वित्त मंत्री पी चिदंबरम के अलावा संप्रग में शामिल शरद पवार तथा फारूक अब्दुल्ला उपस्थित थे।

वित्त मंत्री चिदंबरम ने इस साल के अपने बजट भाषण में भारतीय महिला बैंक शुरू करने की घोषणा की थी। आज के समारोह में महाराष्ट्र के गवर्नर के शंकरनारायणन तथा मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि भारत में महिलाओं के सशक्तीकरण तथा उनकी सुरक्षा के लिये अभी लंबे प्रयास की की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमने महिलाओं के खिलाफ यौन अपराधों के लिये कड़े दंड के प्रावधान को लेकर कानून को मजबूत बनाया है लेकिन अभी भी बहुत कुछ किये जाने की जरूरत है। यह स्थापित तथ्य है कि वित्त और बैंकिंग सुविधा की पहुंच से न केवल महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद मिलती है, बल्कि विकास का सामाजिक दायरा भी व्यापक होता है।’’ 

बैंक ने सात शाखाओं के साथ कामकाज शुरू किया है। सभी प्रकार की सेवाएं देने वाला बैंक मुख्य रूप से महिलाओं को सेवा देगा। मार्च के अंत तक शाखाओं की संख्या 25 होगी।

सिंह ने कहा कि महिला बैंक महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में केवल छोटा कदम है। अपने संबोधन में सोनिया गांधी ने गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तीकरण की दिशा में इंदिरा गांधी के योगदान को याद किया।

चिदंबरम के अनुसार महिला बैंक के निदेशक मंडल में आठ महिला सदस्यों को शामिल किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र का यह पहला बैंक है जिसके निदेशक मंडल के सभी सदस्य महिलाएं हैं।  

Monday, November 18, 2013

केजरीवाल पर फेंकी गई काली स्याही

नई दिल्ली (आधुनिक इंडिया संवातदाता) आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के संवाददाता सम्मेलन में अन्ना हजारे के कथित समर्थक और महाराष्ट्र भाजपा का नेता होने का दावा करने करने वाले एक व्यक्ति ने वहां उपस्थित आप नेताओं पर काला पेंट फेंक दिया।
यह हरकत करने वाले नचिकेता वाघरेकर ने दावा किया कि वह अन्ना हजारे को अपना गुरू मानता है और केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने हजारे और जनता के साथ धोखा किया है।
इस व्यक्ति ने संवाददाता सम्मेलन स्थल पर केजरीवाल और उनके साथ बैठे उनके सहयोगियों मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, प्रशांत भूषण और शांति भूषण की ओर काले रंग के पेंट का डिब्बा फेंका। थोड़ा सा पेंट केजरीवाल के चेहरे पर गिरा और कुछ सिसोदिया, प्रशांत भूषण और संजय सिंह पर।
घटनास्थल पर उपस्थित आप कार्यकर्ताओं ने वाघरेकर को तुंरत संवाददाता स्थल से बाहर कर दिया जिसने कि अपने को भाजपा की अहमदनगर इकाई का महासचिव होने का दावा किया।
केजरीवाल ने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा, यह उन लोगों का कारनामा है जिनके हितों को आप की बढ़ती लोकप्रियता से चोट पंहुच रही है। आप संयोजक ने दावा किया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावा में भाजपा और कांग्रेस दोनों की हालत खराब है।

Tuesday, July 16, 2013

पबन सिंह घटोवार ने पूर्वोत्तर परिषद की 62वीं वार्षिक बैठक की

62 वी  वार्षिक बैठक की अधक्षता करते हुए श्री पवन सिंह घटोवार  
नई दिल्ली (डी के चौहान ) केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संसदीय कार्य राज्यमंत्री और पूर्वोत्तर परिषद के अध्यक्ष श्री पबन सिंह घटोवार ने आज नई दिल्ली में पूर्वोत्तर परिषद की 62वीं वार्षिक बैठक की अध्यक्षता की। परिषद के सदस्यों में पूर्वोत्तर राज्यों के सभी राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उनके प्रतिनिधि शामिल हैं। 

इस मौके पर श्री घटोवार ने बताया कि उनका मंत्रालय एनएलसीपीआर (केन्द्रीय) नाम से एक योजना शुरू की है। योजना के तहत एनएलसीपीआर के फंड से पूर्वोत्तर क्षेत्र में केन्द्रीय मंत्रालय द्वारा भारी निवेश वाली योजनाएं लागू होंगी। एनएलसीपीआर के तहत दस हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जमा है। उन्होंने बताया कि उनका मंत्रालय सिक्किम और अरूणाचल प्रदेश के लिए तीन हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक ऊर्जा वितरण परियोजना शुरू करने और मिजोरम में नीपको (एनईईपीसीओ) द्वारा तुरियल जल विद्युत परियोजना पूरी कराने की स्थिति में है। श्री घटोवार ने योजना आयोग से पूर्वोत्तर क्षेत्र में ऐसी परियोजनाएं पूरी करने के लिए एनएलसीपीआर (केन्द्रीय) के तहत पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। 

उन्होंने बताया कि केन्द्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं (सीएसएस) के पुनर्गठन पर बी.के.चतुर्वेदी समिति ने सीएसएस को और ज्यादा लचीला बनाने की सिफारिश की है। श्री घटोवार ने पूर्वोत्तर राज्यों से योजना आयोग को समिति की इस सिफारिश के संदर्भ में अपने सुझाव भेजने का आग्रह किया है। 

इस बैठक में पूर्वोत्तर राज्यों में रेल मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं उच्च मार्ग, नागरिक उड्डयन,जहाजरानी, ऊर्जा, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी संगठनों द्वारा चलाये जा रहे विकास की विभिन्न गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। इसमें राष्ट्रीय दक्षता विकास नियम, रबड़, मसाले, काफी, चाय, राष्ट्रीय बागवानी बोर्डों जैसे विभिन्न संगठनों द्वारा आजीविका से जुड़ी चलाई जा रही योजनाओं पर भी चर्चा हुई। इसमें पूर्वोत्तर परिषद की वार्षिक योजना और उसकी बजट पर बातचीत हुई। 

इस बैठक में अरूणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम और त्रिपुरा के राज्यपालों और अरूणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, मणिपुर और मेघालय के मुख्यमंत्रियों सहित परिषद के अन्य सदस्य एवं केन्द्र और पूर्वोत्तर राज्यों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। 

Saturday, June 22, 2013

Newly Elected Rajya Sabha MP Shri Santiuse Kujur at Parliament

नवनियुक्त राज्यसभा सांसद श्री संतिउस कुजूर शपथ ग्रहण करते हुए .